बालोद। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल अंतर्गत डीडी-48 बधमरा रेलवे फाटक अंडरपास से गुजरने वाले लोगों के लिए जरूरी खबर है। रेलवे के आवश्यक निर्माण कार्य के चलते 12 अगस्त 2026, बुधवार को सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक इस सड़क मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। रेलवे प्रशासन ने वाहन चालकों और स्थानीय लोगों से इस दौरान वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करने की अपील की है।
वर्षा जल निकासी के लिए लगाया जाएगा ह्यूम पाइप
रेलवे प्रशासन के अनुसार, बधमरा रेलवे फाटक अंडरपास के पास रेलवे कॉलोनी में बारिश के पानी की निकासी की व्यवस्था बेहतर करने के लिए RRC ह्यूम पाइप लगाया जाना है। निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर वाहनों की आवाजाही से परेशानी और सुरक्षा संबंधी जोखिम को देखते हुए मार्ग को अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
पड़कीभाट-पाररास बाईपास मार्ग पर होगा काम
यह निर्माण कार्य पड़कीभाट से पाररास बाईपास मार्ग पर स्थित रेलवे फाटक क्रमांक डीडी-48 बधमरा गेट के पास किया जाएगा। संबंधित सड़क मार्ग बालोद-बधमरा के मध्य किलोमीटर 927/10-11 पर स्थित है।
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि मार्ग केवल निर्माण कार्य की निर्धारित अवधि के दौरान बंद रहेगा। ऐसे में इस रास्ते से यात्रा करने वाले लोगों को पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।
रेलवे ने वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की
रेलवे प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों से 12 अगस्त को सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक वैकल्पिक मार्ग से आवागमन करने का अनुरोध किया है। साथ ही आवश्यक निर्माण कार्य को सुरक्षित और समय पर पूरा करने के लिए आम लोगों से सहयोग की अपील की गई है।




