बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में साप्ताहिक बाजार में अवैध कट्टा लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच के दौरान आरोपी को हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी कट्टा बरामद किया है। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
साप्ताहिक बाजार में मच गई थी अफरा-तफरी
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी सोनल ग्वाला ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम खुड़मुड़ी नवागांव के साप्ताहिक बाजार में एक युवक हाथ में देसी कट्टा लेकर लोगों को भयभीत कर रहा है। उसकी हरकतों से बाजार में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई लोग वहां से हटने लगे।
घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस जब बाजार पहुंची, तब तक आरोपी वहां से निकल चुका था। इसके बाद पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर तलाश शुरू की। आखिरकार घेराबंदी कर 23 वर्षीय तुषार निषाद, निवासी खुड़मुड़ी नवागांव, को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में सामने आया हथियार सप्लायर का नाम
पूछताछ के दौरान तुषार निषाद की निशानदेही पर पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध देसी कट्टा बरामद किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह हथियार उसे पास के गांव निवासी 41 वर्षीय प्रतीक वैष्णव ने उपलब्ध कराया था। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रतीक वैष्णव को भी गिरफ्तार कर लिया।
आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद अवैध कट्टा कहां से लाया गया था और क्या आरोपियों का संबंध किसी अन्य आपराधिक गतिविधि से भी है।





