रायपुर। छत्तीसगढ़ वन विभाग में वनरक्षक के 1484 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। विभाग ने लिखित परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है। वनरक्षक भर्ती की लिखित परीक्षा 13 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। शारीरिक मापदंड एवं दक्षता परीक्षा में सफल 16,762 अभ्यर्थी इसमें शामिल होंगे।

वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर भर्ती प्रक्रिया की समीक्षा के बाद परीक्षा की तारीख तय की गई है। लंबित प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद विभाग ने अब लिखित परीक्षा की तैयारियां शुरू कर दी हैं।


हजारों अभ्यर्थियों का इंतजार होगा खत्म

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रदेश के हजारों युवा लंबे समय से वनरक्षक भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ने का इंतजार कर रहे थे। लिखित परीक्षा की तारीख घोषित होने से अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी के लिए स्पष्ट समयसीमा मिल गई है।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि भर्ती प्रक्रिया तय समय में पूरी की जाए और योग्य युवाओं को जल्द रोजगार का अवसर मिले।


जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा में वनरक्षकों की अहम भूमिका

वन विभाग की मैदानी व्यवस्था में वनरक्षकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है। वन क्षेत्रों की निगरानी, अवैध कटाई और वन अपराधों पर रोक, वन्यजीवों की सुरक्षा तथा स्थानीय ग्रामीणों के साथ समन्वय जैसे कार्य वनरक्षकों के जिम्मे होते हैं।

विभाग को उम्मीद है कि 1484 नए वनरक्षकों की नियुक्ति के बाद मैदानी अमला मजबूत होगा और वन संरक्षण से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी।


पारदर्शी और मेरिट के आधार पर होगी भर्ती

मंत्री केदार कश्यप के मुताबिक पूरी चयन प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और मेरिट के आधार पर पूरी की जाएगी। सभी पात्र अभ्यर्थियों को समान अवसर मिलेगा और परीक्षा के दौरान निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा व्यवस्था का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद वन विभाग को जंगलों की निगरानी, वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता की सुरक्षा और वन अपराधों पर नियंत्रण के लिए अतिरिक्त मैदानी अमला मिलेगा।