राजनांदगांव। जिले के अंबागढ़ चौकी क्षेत्र के खुर्सीटिकुल गांव में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की जान चली गई। तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खुर्सीटिकुल निवासी अमृता बाई कंवर घर से सार्वजनिक वितरण प्रणाली (राशन) की दुकान जाने के लिए निकली थीं। वह पीपरखार पंचायत भवन के सामने पहुंची ही थीं कि सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर में लोहे के केज व्हील लगे हुए थे, जिनकी चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा इतना भीषण था कि उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।





