सरगुजा। जिले के बतौली थाना क्षेत्र के कदनई लोटा भावना गांव में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े के दौरान पत्नी ने कथित तौर पर ईंट, पत्थर और लकड़ी के फट्टे से हमला कर अपने पति की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 40 वर्षीय नेतराम के रूप में हुई है। शुक्रवार रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में पत्नी मानकुंवर ने घर के पास रखे ईंट, पत्थर और लकड़ी के फट्टे से नेतराम पर लगातार वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन घायल नेतराम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसे अपने पति के चरित्र पर संदेह था, जिसके कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। शुक्रवार रात दोनों ने शराब पी थी, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और उसने आवेश में आकर पति पर हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या में इस्तेमाल ईंट, पत्थर तथा लकड़ी का फट्टा जब्त कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी मानकुंवर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।





