बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, कांकेर जिले की रहने वाली महिला ने आरोप लगाया है कि उसका अपहरण करने के बाद तीन लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता बालोद-दल्ली राजहरा मुख्य मार्ग स्थित पर्यावरण पार्क के पास अचेत अवस्था में मिली। उसके बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पर्यावरण पार्क के समीप मिली अचेत अवस्था में
जानकारी के अनुसार, महिला बालोद-दल्ली राजहरा मार्ग पर पर्यावरण पार्क के पास अचेत हालत में मिली थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। होश में आने के बाद पुलिस ने महिला का बयान दर्ज किया।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म से संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात को तीन संदिग्ध ट्रक चालकों ने अंजाम दिया।
आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर ने बताया कि पीड़िता कांकेर जिले की रहने वाली है। उसके बयान के आधार पर अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और संदिग्ध आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।





