बालोद। जिले के बालोद कोतवाली थाना से पुलिस अभिरक्षा में रखी गई चोरी के आरोपित महिला के फरार होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। महिला की तलाश के लिए लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन 48 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। मामले में प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर एक महिला आरक्षक सहित तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, चोरी के मामले में गिरफ्तार महिला को शुक्रवार शाम पूछताछ के लिए बालोद कोतवाली लाया गया था। रात के दौरान उसे थाना परिसर में पुलिस अभिरक्षा में रखा गया। शनिवार सुबह किसी समय वह पुलिस को चकमा देकर वहां से निकल गई। काफी देर बाद जब उसकी मौजूदगी नहीं मिली तो पुलिस अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल महिला की तलाश शुरू कराई। आसपास के इलाकों में सघन खोजबीन की गई, लेकिन अब तक उसका पता नहीं चल सका है।
प्रारंभिक विभागीय जांच में ड्यूटी के दौरान लापरवाही सामने आने पर एक महिला आरक्षक समेत तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार महिला की तलाश जारी है और मामले की विस्तृत जांच भी की जा रही है।





