खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में बैंक लोन को लेकर पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद एक महिला की मौत का कारण बन गया। आरोप है कि पति ने फावड़े से हमला कर पत्नी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को भिलाई से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।


बैंक ऋण को लेकर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, ग्राम मुंदगांव निवासी कुन्ती बाई बघेल ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके दामाद तारण चतुर्वेदी (28) ने 16 जुलाई को अपनी पत्नी सुरूज बाई चतुर्वेदी पर फावड़े से हमला किया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच बैंक ऋण चुकाने को लेकर विवाद चल रहा था।


इलाज के दौरान महिला की मौत

हमले में गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए दुर्ग स्थित शंकराचार्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद पुलिस ने मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।


भिलाई के होटल से आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर उसे भिलाई के एक होटल से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


मामले की जांच जारी

पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।