दुर्ग। भिलाई के औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक निजी फैक्ट्री में सोमवार शाम हुए हादसे में एक वेल्डर की मौत हो गई। करीब 35 फीट की ऊंचाई से गिरने के कारण मजदूर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि मृतक की पहचान घासीदास नगर, भिलाई निवासी शिवकुमार सोनी के रूप में हुई है। वह पेशे से वेल्डर था और करीब एक सप्ताह पहले ही संबंधित कंपनी में काम पर नियुक्त हुआ था।

पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम शिवकुमार फैक्ट्री में लगभग 35 फीट की ऊंचाई पर वेल्डिंग का कार्य कर रहा था। इसी दौरान जिस लोहे की शीट पर वह खड़ा था, वह अचानक टूट गई। शीट टूटने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे कंक्रीट फर्श पर गिर पड़ा। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही जामुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


सुरक्षा मानकों की जांच में जुटी पुलिस

सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि पुलिस यह जांच कर रही है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि मृतक को ऊंचाई पर कार्य करने के दौरान सेफ्टी बेल्ट सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे या नहीं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।