रायपुर। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस चुनाव के लिए चल रही मतदान प्रक्रिया सोमवार शाम 5 बजे समाप्त हो गई। चुनाव में कुल 14 लाख 50 हजार 626 मतदाताओं ने वोटिंग की। इनमें 11 लाख 76 हजार 907 पेड वोटर हैं, जिन्होंने 75 रुपये सदस्यता शुल्क जमा किया है, जबकि 2 लाख 79 हजार 719 अनपेड वोटर बताए गए हैं। जिन मतदाताओं का सदस्यता शुल्क अभी जमा नहीं हुआ है, उन्हें 1 अक्टूबर रात 12 बजे तक भुगतान का समय दिया गया है।


एक मतदाता को 6 वोट देने का अधिकार

युवा कांग्रेस चुनाव की प्रक्रिया करीब एक महीने से चल रही थी। मतदान IYC ऐप के जरिए ऑनलाइन कराया गया, जिसमें एक मतदाता को ब्लॉक स्तर से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक अलग-अलग पदों के लिए कुल 6 वोट देने का अधिकार था। मतदान सोमवार शाम 5 बजे बंद कर दिया गया।


फर्जी वोटिंग के आरोप, दूसरे जिलों के वोट ID से जुड़ने का दावा

कुनकुरी नगर पंचायत अध्यक्ष और कांग्रेस नेता विनयशील ने चुनाव में कथित फर्जी मतदान का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दावा किया कि मतदान समाप्त होने के बाद भी उनकी ID से दूसरे जिलों के अनपेड वोट जुड़े दिखाई दिए।

उनके मुताबिक इनमें सूरजपुर से 1, कोरबा से 2 और खैरागढ़ से 4 वोट शामिल थे। उन्होंने सवाल उठाया कि ये वोट उनकी ID से कैसे जुड़े और क्या इसके पीछे ऐप की तकनीकी समस्या या किसी तरह की गड़बड़ी है।


युवा कांग्रेस ने तकनीकी दिक्कत की बात कही

युवा कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन तुषार गुहा ने कहा कि मतदान शाम 5 बजे बंद हो चुका है, लेकिन अनपेड वोटरों को सदस्यता शुल्क जमा करने के लिए 1 अक्टूबर रात 12 बजे तक का समय दिया गया है।

उन्होंने कहा कि भुगतान पूरा होने के बाद ही ऐसे मतदाता पेड वोटर माने जाएंगे और मतगणना में केवल पेड वोट ही मान्य होंगे। फर्जी वोटिंग की शिकायतों पर उनका कहना था कि कुछ स्थानों से शिकायतें मिली थीं और ऐप में तकनीकी दिक्कतें सामने आई थीं, जिन्हें दूर कर दिया गया है।


अध्यक्ष पद के लिए 17 प्रत्याशी मैदान में

प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए 17 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। मतदान के साथ जिला और ब्लॉक अध्यक्ष, जिला महामंत्री, प्रदेश महामंत्री और प्रदेश अध्यक्ष समेत विभिन्न पदों के लिए वोट डाले गए हैं।

चुनाव प्रक्रिया 29 अगस्त से शुरू हुई थी। नतीजे आने से पहले अब शिकायतों और तकनीकी मुद्दों की जांच पर नजर रहेगी।