सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिला अस्पताल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अस्पताल के कुछ कर्मचारी ड्यूटी के दौरान अस्पताल परिसर में पार्टी करते और नाचते-गाते नजर आ रहे हैं। मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए तत्काल कार्रवाई की है।

जांच के बाद एक फार्मासिस्ट और एक वार्ड बॉय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, वीडियो में दिखाई देने वाले अन्य कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि सरकारी अस्पताल में ड्यूटी के समय इस तरह का आचरण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में कर्मचारी संगीत की धुन पर डांस करते और जश्न मनाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने अस्पताल की कार्यप्रणाली और मरीजों की देखभाल को लेकर सवाल उठाए। इसके बाद जिला स्वास्थ्य प्रशासन ने पूरे मामले की जांच कर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी।

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि सरकारी सेवा में अनुशासन सर्वोपरि है और यदि जांच में अन्य कर्मचारियों की भी लापरवाही सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।