बलरामपुर। जिले के राजपुर वन परिक्षेत्र में हाथियों के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई। घटना शुक्रवार देर रात की है। बताया जा रहा है कि चार हाथियों का झुंड रेवतपुर के नवापारा गांव के आसपास घूम रहा था। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बालम साय के रूप में हुई है। देर रात बारिश के दौरान हाथियों का झुंड गांव में घुस आया और कई घरों को नुकसान पहुंचाने लगा। इसी दौरान जान बचाने के लिए भाग रहे बालम साय पर एक हाथी ने हमला कर दिया और उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। साथ ही ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही है, जबकि हाथियों के झुंड की मौजूदगी से आसपास के गांवों में लोगों के बीच दहशत का माहौल बना हुआ है।





