दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने गंजपारा नदी रोड स्थित नयापारा मोड़ के पास गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे दो आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा। उनके कब्जे से 1 किलो 510 ग्राम गांजा, एक स्कूटी और आईफोन समेत कुल 1 लाख 50 हजार 500 रुपये का सामान जब्त किया गया है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर को सिटी कोतवाली थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गंजपारा नदी रोड स्थित नयापारा मोड़ के पास दो युवक गांजा बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवकों की पहचान कर घेराबंदी की। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से गांजा और अन्य सामान बरामद हुआ।

गांजा, स्कूटी और आईफोन समेत डेढ़ लाख का सामान जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 510 ग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 75 हजार 500 रुपये बताई गई है। इसके अलावा 50 हजार रुपये कीमत की स्कूटी और 25 हजार रुपये कीमत का एप्पल आईफोन 11 भी बरामद किया गया। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपये आंकी गई है।

राजनांदगांव जिले के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामकुमार विश्वकर्मा (19 वर्ष) और हर्ष साहू (18 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों राजनांदगांव जिले के सोमनी थाना क्षेत्र अंतर्गत अंजोरा के निवासी हैं। रामकुमार महान चौक और हर्ष कबीर चौक, शीतलापारा का रहने वाला है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20(ख) के तहत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी से जुड़ी कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाने को सूचित करें, ताकि संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।