दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्ती, साहू होटल में निरीक्षण के दौरान मिली कई खामियां, पेड़ा और बालूशाही के नमूने जांच के लिए भेजे

खैरागढ़, 22 अक्टूबर 2026। दीपावली पर्व से पहले मिठाइयों की गुणवत्ता और लोगों की सेहत को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में खैरागढ़ के नवागांव चंडी मंदिर क्षेत्र स्थित साहू होटल में औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान साफ-सफाई और खाद्य सामग्री के रखरखाव में लापरवाही सामने आने पर विभाग ने होटल को बंद करा दिया। साथ ही खराब होने की आशंका पर करीब पांच किलो जलेबी नष्ट कराई गई।

होटल की रसोई और भंडारण व्यवस्था में मिली खामियां

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने साहू होटल पहुंचकर मिठाइयों की गुणवत्ता, रसोई की स्वच्छता और खाद्य पदार्थों के भंडारण की व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण में कई अनियमितताएं सामने आईं। होटल परिसर में साफ-सफाई का अभाव पाया गया। इसके अलावा खाद्य सामग्री के रखरखाव में भी निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था।

जांच के दौरान फ्रीजर बंद मिलने पर उसमें रखी खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठे। अधिकारियों ने खराब होने की आशंका वाली करीब पांच किलो जलेबी को मौके पर ही नष्ट करा दिया।

मिठाइयों के नमूने प्रयोगशाला भेजे

विभागीय अधिकारियों ने होटल में रखे मिनी पेड़ा और बालूशाही के नमूने जांच के लिए एकत्र किए। इन नमूनों को प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता स्पष्ट होगी और आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सुधार होने तक होटल संचालन पर रोक

निरीक्षण में सामने आई कमियों को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने होटल संचालक को साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही खाद्य लाइसेंस और पंजीयन से संबंधित दस्तावेज अद्यतन रखने को कहा गया है।

विभाग ने आवश्यक सुधार होने तक प्रतिष्ठान का संचालन बंद रखने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर के निर्देशन में हुई कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग की यह कार्रवाई कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन में की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल शुक्ला और अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडेय के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक घृतलहरे ने होटल का निरीक्षण किया।

त्योहारी सीजन में मिठाई दुकानों पर रहेगी नजर

दीपावली के अवसर पर मिठाइयों की मांग बढ़ने को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर सतर्कता बरत रहा है। मिठाई विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और ग्राहकों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ और खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।