जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र में खेत की जुताई के दौरान हुए एक हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। कोदोपारा गांव में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसके नीचे दबने से चालक और ट्रैक्टर मालिक की मौके पर ही जान चली गई।
ट्रैक्टर पलटने से दोनों की मौके पर मौत
पुलिस के अनुसार, खेत की जुताई के दौरान अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। हादसे में चालक उदय राम और ट्रैक्टर पर सवार मालिक बरतु राम ट्रैक्टर के नीचे दब गए। गंभीर चोटों के कारण दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सन्ना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
गांव में शोक का माहौल
इस दर्दनाक हादसे के बाद कोदोपारा गांव में शोक की लहर है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।





