कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से एक गंभीर आपराधिक मामला सामने आया है। पुलिस ने एक गर्भवती विवाहित महिला के कथित अपहरण, दुष्कर्म और जबरन गर्भपात कराने की कोशिश के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


अंतरजातीय प्रेम विवाह के बाद शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने प्रेम संबंध के बाद अपने पति से कोर्ट मैरिज की थी और दोनों साथ रह रहे थे। आरोप है कि इस अंतरजातीय विवाह से नाराज कुछ लोग महिला के ससुराल पहुंचे और उसे जबरन अपने साथ ले गए।

पीड़िता का आरोप है कि उसके साथ दुष्कर्म किया गया। साथ ही, गर्भवती होने के बावजूद आरोपियों ने कथित तौर पर उसका गर्भपात कराने की नीयत से उसे जबरन गर्भपात की दवा खिलाने का प्रयास किया।


दो बार दर्ज कराई थी शिकायत

पीड़िता ने इस मामले में 5 जुलाई और 10 जुलाई को बैकुंठपुर सिटी कोतवाली में नामजद शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने रमेश टेकाम और दरोगा सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की।


14 दिन बाद दोनों आरोपी गिरफ्तार

करीब 14 दिनों तक फरार रहने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उन्हें बैकुंठपुर लाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।


पीड़ित परिवार ने की सख्त कार्रवाई की मांग

पीड़िता के पति का कहना है कि कोर्ट मैरिज के बाद दोनों सामान्य जीवन जी रहे थे, लेकिन सामाजिक विरोध के चलते यह घटना हुई। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।