सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। यहां सड़क हादसे में प्रेमी की मौत के महज दो दिन बाद उसकी 20 वर्षीय प्रेमिका ने भी अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


पुलिस के अनुसार, घटना करंजी चौकी क्षेत्र की है। दो दिन पहले सड़क दुर्घटना में वीरपाल नामक युवक की मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि प्रेमी की मौत के बाद युवती गहरे सदमे में थी और लगातार मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी।


रविवार को युवती ने अपने घर में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।


पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में युवती द्वारा प्रेमी की मौत के सदमे में यह कदम उठाने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पुलिस मामले की विस्तृत पड़ताल कर रही है।


अगर आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव या भावनात्मक संकट से गुजर रहा है, तो किसी भरोसेमंद परिजन, मित्र या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से तुरंत मदद लें। समय पर मिला सहयोग जीवन बचा सकता है।