कांकेर। जिले के लोहत्तर थाना क्षेत्र में स्थित एक लौह अयस्क खदान में अज्ञात लोगों ने रात के समय खड़ी मशीनों को आग के हवाले कर दिया। घटना में तीन पोकलेन मशीनें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटनास्थल से कथित तौर पर ‘लाल सलाम’ लिखे दो पर्चे भी मिले हैं, जिसके बाद मामले में नक्सली कनेक्शन की आशंका को लेकर जांच तेज कर दी गई है। हालांकि पुलिस ने फिलहाल इसे नक्सली वारदात मानने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

सुबह पहुंचे मजदूरों ने देखीं जली हुई मशीनें

जानकारी के अनुसार, ग्राम चेमल स्थित पुष्प स्टील लिमिटेड की लौह अयस्क खदान में काम खत्म होने के बाद कर्मचारी अपने कैंप और ठिकानों पर लौट गए थे। अगली सुबह जब मजदूर खदान पहुंचे तो वहां खड़ी तीन पोकलेन मशीनें जली हुई मिलीं। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। लोहत्तर थाना पुलिस के साथ एसडीओपी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मशीनों में आग किस तरह लगाई गई और वारदात के पीछे कौन लोग शामिल थे। आसपास के इलाकों में भी जांच की जा रही है।

पर्चों ने बढ़ाई नक्सली कनेक्शन की आशंका

मौके से मिले दो पर्चों पर ‘लाल सलाम’ लिखे होने की बात सामने आई है। इनमें खदान संचालन और कुछ मांगों को एक सप्ताह के भीतर पूरा करने का उल्लेख होने की जानकारी है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि घटना वास्तव में किसी नक्सली समूह ने की है या किसी अन्य व्यक्ति अथवा समूह ने नक्सलियों के नाम का इस्तेमाल कर वारदात को अंजाम दिया।

फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगजनी के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।