रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का बुधवार को तीसरा दिन काफी महत्वपूर्ण रहने वाला है। सदन में प्रश्नकाल के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सदस्यों के सवालों का जवाब देंगे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सदन के पटल पर छत्तीसगढ़ मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन तथा स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। वहीं मंत्री लखनलाल देवांगन और श्याम बिहारी जायसवाल भी अपने-अपने विभागों से जुड़े विभिन्न दस्तावेज और प्रतिवेदन सदन के पटल पर रखेंगे।

दो ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर सरकार को घेरने की तैयारी

आज की कार्यवाही के दौरान दो महत्वपूर्ण ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है। इनमें इंद्रावती टाइगर रिजर्व में बाघों के शिकार का मामला और शासकीय मुद्रणालय में प्रिंटिंग कार्यों में कथित अनियमितताओं का मुद्दा प्रमुख रूप से उठाया जाएगा। विपक्ष इन विषयों पर सरकार से जवाब मांग सकता है।

समिति की रिपोर्ट और याचिकाएं भी होंगी पेश

विधायक विक्रम उसेंडी गैर-सरकारी सदस्यों के विधेयकों एवं संकल्पों से संबंधित समिति का प्रथम प्रतिवेदन सदन में प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा विधायक कुंवर सिंह निषाद, सावित्री मंडावी और राघवेंद्र सिंह विभिन्न जनहित याचिकाएं सदन के समक्ष रख सकते हैं।

इसके साथ ही विधानसभा की कार्यवाही में सात शासकीय विधेयकों एवं अन्य विधायी कार्यों को भी प्रस्तुत किए जाने की संभावना है, जिससे आज का दिन विधायी दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है।