आठ साल बाद खुला कचना ओवरब्रिज, आज जनता को समर्पित करेंगे CM विष्णुदेव साय
रायपुर। राजधानी रायपुरवासियों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। करीब आठ वर्षों में बनकर तैयार हुआ बहुप्रतीक्षित कचना रेलवे ओवरब्रिज शुक्रवार को आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai और लोक निर्माण विभाग मंत्री Arun Sao इसके लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे।
ओवरब्रिज के शुरू होने से खम्हारडीह-कचना रेलवे फाटक पर रोज लगने वाले लंबे जाम और घंटों तक फाटक बंद रहने की समस्या से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में ट्रेनों की आवाजाही के कारण वाहन चालकों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था।
डेढ़ लाख लोगों को मिलेगी राहत
कचना ओवरब्रिज राजधानी के तेजी से विकसित हो रहे जोरा, बाराडेरा, वीआईपी स्टेट, अशोका रतन, भावना नगर और कचना हाउसिंग बोर्ड इलाके के लोगों के लिए बड़ी सुविधा साबित होगा। इन इलाकों में लगातार बढ़ती आबादी और वाहनों के दबाव से रेलवे फाटक पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। पुल चालू होने के बाद करीब डेढ़ लाख से अधिक लोगों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है।





