भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से ऑनलाइन ठगी, 10 हजार रुपये ट्रांसफर; कांग्रेस ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां रायपुर उत्तर से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा को ठगों ने निशाना बनाया। आरोपियों ने खुद को भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नबीन का निजी सहायक बताकर विधायक से ऑनलाइन 10 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
मामले की जानकारी सामने आने के बाद खम्हारडीह थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब मोबाइल नंबर और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
जानकारी के मुताबिक ठगों ने विधायक को फोन कर खुद को नितिन नबीन का पीए बताया और किसी जरूरी काम का हवाला देते हुए तत्काल पैसे भेजने की बात कही। भरोसे में आने के बाद विधायक ने ऑनलाइन रकम ट्रांसफर कर दी। बाद में जब उन्हें ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
इस घटना को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं और अपराधियों में सरकार का डर खत्म हो चुका है।
कांग्रेस ने कहा कि इससे पहले पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक भी लूट की घटना का शिकार हो चुके हैं और अब भाजपा विधायक से ठगी हो गई। कांग्रेस का आरोप है कि जब जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है।
विपक्ष ने राज्य सरकार से साइबर अपराधों पर सख्त कार्रवाई और कानून व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।





