रायपुर कोर्ट में फर्जी वकीलों पर कार्रवाई, काला कोट पहनकर घूम रहे 40 लोग बाहर किए गए
रायपुर। राजधानी के कोर्ट परिसर में काला कोट पहनकर अवैध रूप से घूम रहे 40 अनधिकृत लोगों के खिलाफ जिला अधिवक्ता संघ ने बड़ी कार्रवाई की है। विशेष AIR अभियान के तहत इन लोगों को पहचान कर समझाइश दी गई और कोर्ट परिसर से बाहर किया गया।
जिला अधिवक्ता संघ ने साफ किया है कि यह अभियान अगले दो महीों तक लगातार जारी रहेगा। हाल ही में गठित नई कार्यकारिणी ने फर्जी तरीके से वकालत का माहौल बनाने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है।
बिना पंजीकरण के वकील बनकर घूम रहे थे लोग
अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों के मुताबिक लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि कुछ लोग बिना किसी वैध पंजीकरण के अधिवक्ता जैसी वेशभूषा पहनकर कोर्ट परिसर और बार रूम में सक्रिय रहते हैं। ये लोग काला कोट और बैंड पहनकर खुद को वकील बताने की कोशिश करते थे।
संघ का कहना है कि ऐसे लोगों की वजह से न्यायिक व्यवस्था की गरिमा प्रभावित होती है और आम लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा होती है। इसी को देखते हुए विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।
आगे भी जारी रहेगी जांच
अधिवक्ता संघ ने कहा कि अभियान के दौरान संदिग्ध लोगों की पहचान कर उनसे दस्तावेजों की जांच की जाएगी। बिना अनुमति या पहचान के कोर्ट परिसर में घूमने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।





