बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में हेडमास्टर की हत्या के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के घमनी गांव में आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने कथित आरोपियों के घर में आग लगा दी। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।


जमीन विवाद में हुई हेडमास्टर की हत्या

पुलिस के अनुसार, मृतक जय करण सिंह जगते शासकीय विद्यालय में हेडमास्टर थे। सोमवार सुबह वे रोज की तरह स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनके चचेरे भाई बृजमोहन जगते (26) और हरिमोहन जगते (23) ने उन्हें रोक लिया।

बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान कहासुनी बढ़ गई और आरोपियों ने कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला कर जय करण सिंह जगते की हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।


दोनों आरोपी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


हत्या के बाद भड़का ग्रामीणों का गुस्सा

हेडमास्टर की हत्या की खबर फैलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। गुस्साए लोगों ने आरोपियों के घर में आग लगा दी, जिससे मकान और वहां खड़ा एक दोपहिया वाहन जलकर खाक हो गया।

स्थिति को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है और मामले की जांच जारी है।