कोरिया (बैकुंठपुर)। जिले के बैकुंठपुर में 17 वर्षीय छात्रा की आत्महत्या के मामले ने सनसनी फैला दी है। घटना के बाद परिजनों ने आईसी मार्ट प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित मार्ट को सील कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, छात्रा अपनी बड़ी बहन के साथ आईसी मार्ट में खरीदारी करने गई थी। परिजनों का आरोप है कि दोनों बहनों पर चोरी का आरोप लगाकर घंटों तक रोके रखा गया। आरोप है कि उनसे सामान की सूची बनवाई गई और छात्रा से लिखित में यह स्वीकार कराया गया कि उसने और उसकी बहन ने दुकान से चोरी की है।

मृतका के पिता, जो पुलिस विभाग में पदस्थ हैं, का आरोप है कि जब वह मार्ट पहुंचे तो पहले उनसे 20 हजार रुपये और बाद में 50 हजार रुपये की मांग की गई। उनका कहना है कि छात्रा की स्कूटी भी मार्ट प्रबंधन ने अपने कब्जे में रख ली और पैसे दिए बिना लौटाने से इनकार कर दिया।

परिजनों का कहना है कि इस घटना के बाद छात्रा गहरे मानसिक तनाव में आ गई थी। बुधवार, 8 जुलाई की दोपहर उसने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

परिवार का आरोप है कि कथित अपमान, मानसिक प्रताड़ना और रुपये की मांग से आहत होकर छात्रा ने यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।