सूरजपुर। जिले में जमीन संबंधी मामले के समाधान के लिए मौके पर पहुंचे तहसीलदार और एक भाजपा नेता के बीच विवाद का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में भाजपा नेता राजस्व अधिकारियों से तीखी बहस करते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने तहसीलदार को धमकी भी दी।
मामला जमीन पर कब्जा दिलाने की कार्रवाई से जुड़ा बताया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार न्यायालय के आदेश के पालन में राजस्व अमला मौके पर पहुंचा था। इसी दौरान विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। घटना के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रशासन ने मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी है। वहीं घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर विभिन्न प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।





