सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में महिला सुरक्षा को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। रामानुजनगर थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ उसके पति को बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

साप्ताहिक बाजार से लौटते समय हुई वारदात

पुलिस के अनुसार, घटना 27 जून की शाम की है। पीड़िता अपने पति के साथ साप्ताहिक बाजार से खरीदारी कर घर लौट रही थी। रास्ते में पति ने कोसना (चावल से बनी स्थानीय शराब) पी ली, जिससे वह नशे की हालत में हो गया।

इसी दौरान चार आरोपियों ने दंपति को रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने पहले पति को बंधक बना लिया और उसके सामने ही महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

पीड़िता की शिकायत पर रामानुजनगर थाना पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने सभी चार आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी कानूनी प्रक्रियाएं नियमानुसार पूरी की जा रही हैं।