बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक सरकारी मिडिल स्कूल से शिक्षक द्वारा छात्र की पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि शॉर्ट रीसस के बाद कक्षा में केवल एक मिनट देरी से पहुंचने पर शिक्षक ने 12 वर्षीय छात्र के साथ मारपीट कर दी। घटना में छात्र के सिर पर चोट आई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कर उपचार कराया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


एक मिनट की देरी पर भड़के शिक्षक

जानकारी के अनुसार, मामला डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र के एक मिडिल स्कूल का है। पीड़ित छात्र कक्षा सातवीं में पढ़ता है। परिजनों का आरोप है कि स्कूल में पदस्थ शिक्षक लोकेश्वर निषाद ने शॉर्ट रीसस समाप्त होने के बाद छात्र के एक मिनट देर से कक्षा में पहुंचने पर पहले उसे डांटा और गाली-गलौज की, फिर उसकी पिटाई कर दी।


सिर में चोट, अस्पताल में कराया गया इलाज

मारपीट के दौरान छात्र के सिर में चोट लग गई। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और परिजन उसे तत्काल डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार किया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद छात्र की हालत सामान्य बताई।


शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज

घटना के बाद परिजनों ने डौंडीलोहारा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी शिक्षक लोकेश्वर निषाद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) और 296 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद स्कूल के छात्रों और अभिभावकों में नाराजगी का माहौल है।