राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए। हादसा राजनांदगांव-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लालबाग थाना क्षेत्र के भानपुरी नदी के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खराब खड़ी पिकअप को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
जानकारी के मुताबिक, दुर्ग निवासी एक परिवार डोंगरगढ़ में दर्शन करने के बाद पिकअप वाहन से वापस लौट रहा था। इसी दौरान भानपुरी नदी के पास वाहन अचानक खराब हो गया। पिकअप को सड़क किनारे खड़ा कर उसमें सवार लोग उसकी मरम्मत में जुटे थे। तभी नागपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि पिकअप के आसपास मौजूद लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही लालबाग थाना पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल, पेंड्री भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद ट्रेलर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मामले में प्रकरण दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।





