रायपुर। रक्षाबंधन के पर्व को देखते हुए रायपुर केंद्रीय जेल प्रशासन ने बंदियों और उनकी बहनों की मुलाकात के लिए विशेष व्यवस्था की है। 28 अगस्त को सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक बहनें जेल में बंद अपने भाइयों से मुलाकात कर उन्हें राखी बांध सकेंगी। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जेल प्रशासन ने इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं।
जेल प्रशासन के मुताबिक, रक्षाबंधन के दिन केवल बहनों को ही बंदियों से मुलाकात और राखी बांधने के लिए जेल के अंदर प्रवेश दिया जाएगा। मुलाकात के लिए आने वाली प्रत्येक महिला को अपने साथ वैध पहचान पत्र रखना अनिवार्य होगा। जांच और पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही प्रवेश की अनुमति मिलेगी।
एक बंदी से अधिकतम तीन बहनें कर सकेंगी मुलाकात
सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को देखते हुए एक बंदी से मुलाकात के लिए अधिकतम तीन बहनों को प्रवेश दिया जाएगा। प्रत्येक बंदी के लिए बहनें अधिकतम 100 ग्राम मिठाई अपने साथ ले जा सकेंगी। जेल के भीतर ले जाने से पहले मिठाई की जांच की जाएगी।
मिठाई के अलावा किसी अन्य प्रकार की खाद्य सामग्री जेल परिसर के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। जेल प्रशासन ने परिजनों से निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है।
मोबाइल, पर्स और नकदी ले जाने पर रहेगी रोक
जेल के अंदर मोबाइल फोन, पर्स, नकदी और अन्य कीमती सामान ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। जेल परिसर में इन वस्तुओं को सुरक्षित जमा कराने की कोई व्यवस्था नहीं होगी। ऐसे में मुलाकात के लिए आने वाली बहनों और परिजनों को इन्हें अपने साथ नहीं लाने की सलाह दी गई है।
सुरक्षा के मद्देनजर प्रवेश से पहले महिला कर्मचारियों द्वारा तीन स्तर पर तलाशी ली जा सकती है। केंद्रीय जेल अधीक्षक ने रक्षाबंधन के दौरान जेल पहुंचने वाले परिजनों से व्यवस्था बनाए रखने और जांच व तलाशी प्रक्रिया में जेल प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।





