रायपुर। भारतीय जनता पार्टी में राष्ट्रीय स्तर पर प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नई नियुक्ति के बाद छत्तीसगढ़ भाजपा में उत्साह का माहौल है। पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का नया प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय मंत्री सिद्धार्थ शम्भू को सह-प्रभारी बनाए जाने पर प्रदेश के शीर्ष नेताओं ने उन्हें बधाई दी है।
सीएम विष्णु देव साय ने जताई खुशी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की ओर से की गई नियुक्तियों पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी का राष्ट्रीय स्तर का लंबा अनुभव, संगठन के प्रति समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना छत्तीसगढ़ में पार्टी संगठन को और मजबूत करने में मदद करेगी।
मुख्यमंत्री ने सिद्धार्थ शम्भू को सह-प्रभारी बनाए जाने पर भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उनकी सक्रिय भूमिका से संगठनात्मक कार्यों में तेजी आएगी और पार्टी की गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।
साय ने अन्य राज्यों में नियुक्त किए गए सभी नए प्रभारियों और सह-प्रभारियों को भी बधाई और शुभकामनाएं दीं।
किरण देव बोले- संगठन को मिलेगी नई मजबूती
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने भी केंद्रीय नेतृत्व के फैसले का स्वागत करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नई नियुक्तियों से प्रदेश संगठन को और अधिक मजबूत तथा सक्रिय बनाने में मदद मिलेगी।
किरण देव ने स्मृति ईरानी को अनुभवी नेता, प्रखर वक्ता और कुशल संगठनकर्ता बताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिलेगी।
सिद्धार्थ शम्भू की युवा ऊर्जा का मिलेगा लाभ
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सह-प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू की युवा ऊर्जा और संगठनात्मक अनुभव का लाभ छत्तीसगढ़ भाजपा को मिलेगा। उनके अनुसार, इससे जमीनी स्तर पर पार्टी की गतिविधियों और संगठनात्मक ढांचे को मजबूती मिलेगी।
सरकार और संगठन के समन्वय पर जोर
किरण देव ने कहा कि स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शम्भू के मार्गदर्शन में सरकार और संगठन के बीच समन्वय को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने उम्मीद जताई कि जनकल्याण की योजनाओं और सरकार के कार्यों को अधिक प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाने के साथ संगठन विस्तार की गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।





