राजनांदगांव। जिले के मोहारा चौकी क्षेत्र के ग्राम बिजनापुर में बिजली के टूटे तार की चपेट में आने से छह मवेशियों की मौत हो गई। यह घटना रविवार सुबह हुई, जिसके बाद ग्रामीणों ने बिजली व्यवस्था पर नाराजगी जताई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात आए तेज आंधी-बारिश के दौरान खेत के पास एक बिजली का खंभा गिर गया और विद्युत तार जमीन पर टूटकर पड़े रहे। रविवार सुबह चरने पहुंचे मवेशी इन तारों के संपर्क में आ गए, जिससे छह मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों का कहना है कि जिले में पहले भी टूटे बिजली तारों की वजह से ऐसे हादसे हो चुके हैं, लेकिन समय रहते सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए। घटना के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।





