भिलाई। स्मृतिनगर चौकी क्षेत्र के कोहका स्थित एक OYO होटल में मंगलवार रात एक युवक ने अपनी प्रेमिका के सामने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कैंप निवासी 19 वर्षीय शादाब शेख के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 6 बजे शादाब शेख अपनी प्रेमिका के साथ कोहका स्थित होटल कुणाल के एक कमरे में ठहरे थे। बताया जा रहा है कि रात में दोनों ने शराब का सेवन किया था। इसके बाद किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
विवाद के बाद युवती नशे की हालत में सो गई। इसी दौरान युवक ने कमरे में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
सुबह युवती ने देखा शव
बुधवार सुबह जब युवती की नींद खुली तो उसने शादाब को फंदे पर लटका हुआ देखा। उसने तुरंत उसे नीचे उतारा और अपने दोस्तों को सूचना दी। इसके बाद युवक को इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्मृतिनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस कर रही हर पहलू की जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। होटल कर्मचारियों, मृतक के दोस्तों और अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।




