सरगुजा में जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष, बुजुर्ग किसान की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या; 8 गिरफ्तार

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत पथरई गांव में जमीन विवाद ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया। साढ़े छह एकड़ भूमि के स्वामित्व को लेकर हुए संघर्ष में 60 वर्षीय किसान होसराम पैकरा की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में दो महिलाओं सहित आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में भुवनेश्वर, बजरंग, उमेश, मनोज, रघुनंदन, बोधन, कमली और प्यारी शामिल हैं। सभी के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

जानकारी के अनुसार, विवादित भूमि मूल रूप से कामेश्वरी नामक महिला के नाम पर थी। निःसंतान होने के कारण उन्होंने अपनी देखभाल करने वाले होसराम पैकरा के पक्ष में वसीयत कर दी थी। वहीं, आरोपित पक्ष भी जमीन पर अपना दावा कर रहा था। मामला राजस्व न्यायालय तक पहुंचा, जहां तहसीलदार न्यायालय ने होसराम के पक्ष में फैसला दिया था। बाद में एसडीएम न्यायालय ने निर्णय बदलते हुए दूसरे पक्ष के पक्ष में आदेश पारित कर दिया। इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच विवाद गहराता गया।

परिजनों का आरोप है कि विवाद को लेकर पहले ही पुलिस को आवेदन देकर सुरक्षा की मांग की गई थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। रविवार सुबह आरोपित पक्ष विवादित खेत में जुताई करने पहुंचा। इसकी जानकारी मिलने पर होसराम अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे और विरोध किया।

दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि हमलावरों ने होसराम पर लाठी-डंडों से हमला किया। गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिरने के बाद उन पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सीतापुर एसडीओपी राजेंद्र मंडावी और बतौली थाना प्रभारी विवेक सेंगर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए सभी आरोपितों को हिरासत में लिया। मामले की जांच जारी है।