राजनांदगांव। प्रेस क्लब राजनांदगांव के संरक्षक एवं वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र व्यास का बुधवार को निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे। उनके निधन की खबर मिलते ही राजनांदगांव सहित प्रदेशभर के पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
राजेंद्र व्यास लंबे समय से पत्रकारिता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहे। प्रेस क्लब राजनांदगांव के संरक्षक के रूप में उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने, पत्रकारों के हितों की रक्षा और सामाजिक मुद्दों को प्रमुखता से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके निधन को पत्रकारिता जगत के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।
उनके निधन पर अनेक पत्रकारों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त किया। वरिष्ठ पत्रकारों ने उन्हें सरल, सौम्य और निष्पक्ष पत्रकारिता का मजबूत स्तंभ बताते हुए उनकी सेवाओं को याद किया।
प्रेस क्लब राजनांदगांव के अध्यक्ष सचिन अग्रहरि ने कहा कि राजेंद्र व्यास के निधन से पत्रकारिता जगत ने एक अनुभवी, समर्पित और सम्मानित व्यक्तित्व को खो दिया है। उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा।
परिजनों के अनुसार, राजेंद्र व्यास की अंतिम यात्रा गुरुवार, 9 जुलाई को दोपहर 3 बजे उनके लालबाग सिंधी कॉलोनी स्थित निवास से निकाली जाएगी। वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन पर विभिन्न संगठनों और शुभचिंतकों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।





