बीजापुर। जिले के उसूर ब्लॉक अंतर्गत मुर्दोंडा गांव में सरपंच समेत तीन ग्रामीणों को धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि ‘लाल सलाम’ के नाम से भेजे गए पत्र में गांव में गौठान के सामने स्कूल निर्माण कार्य रोकने की चेतावनी दी गई है। पत्र सामने आने के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, धमकी भरे पत्र में स्कूल निर्माण नहीं रोकने पर गंभीर परिणाम भुगतने की बात कही गई है। पत्र मिलने के बाद सरपंच और अन्य संबंधित लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। धमकी भरा पत्र किसने भेजा और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में सतर्कता बढ़ गई है।





