राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में सोशल मीडिया के जरिए युवती से दोस्ती कर ठगी, दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने इंस्टाग्राम पर युवती से दोस्ती कर उसका भरोसा जीता और खुद को कैंसर पीड़ित बताकर इलाज के नाम पर 2 लाख 19 हजार 500 रुपये ऐंठ लिए। इसके बाद निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने लगा। मामले में राजनांदगांव साइबर पुलिस ने गुजरात के सूरत से 19 वर्षीय आरोपी रोनक सिंह को गिरफ्तार किया है।
इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर जीता युवती का भरोसा
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 1 मई से 19 जुलाई 2025 के बीच इंस्टाग्राम के माध्यम से युवती से संपर्क किया था। बातचीत के दौरान दोनों के बीच दोस्ती हो गई। आरोपी ने धीरे-धीरे युवती का विश्वास जीत लिया। इसके बाद खुद को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित बताकर इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगी। उसकी बातों पर भरोसा कर युवती ने नकद और ऑनलाइन माध्यम से कुल 2 लाख 19 हजार 500 रुपये दे दिए।
होटल में बुलाकर दुष्कर्म करने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, आरोपी सूरत से राजनांदगांव पहुंचा और एक निजी होटल में ठहरा। आरोप है कि उसने युवती को होटल में बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने अपने मोबाइल फोन से युवती के निजी फोटो और वीडियो भी बना लिए।
जब युवती ने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपी ने कथित तौर पर निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देना शुरू कर दिया। लगातार ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की।
युवती की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर 20 अगस्त 2026 को साइबर पुलिस थाना राजनांदगांव में अपराध दर्ज किया गया। जांच के दौरान युवती के बयान और सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले में दुष्कर्म तथा धमकी से संबंधित धाराएं भी जोड़ी गईं।
सूरत से आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल और एटीएम कार्ड जब्त
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में गठित साइबर पुलिस की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। इसके बाद 9 अक्टूबर को गुजरात के सूरत में दबिश देकर 19 वर्षीय रोनक सिंह को हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन और एटीएम कार्ड जब्त किया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर राजनांदगांव लाया गया। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड की कार्रवाई कर रही है।
सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती और आर्थिक लेनदेन को लेकर सतर्क रहने की आवश्यकता है। यह मामला ऑनलाइन संपर्क के जरिए विश्वास हासिल कर कथित आर्थिक और यौन शोषण किए जाने का गंभीर उदाहरण बनकर सामने आया है।





