रायपुर। राजधानी रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला ने 34 पुलिसकर्मियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं।

जारी आदेश के अनुसार उप निरीक्षक (SI), सहायक उप निरीक्षक (ASI), प्रधान आरक्षक और आरक्षकों को अलग-अलग थाना क्षेत्रों एवं क्राइम ब्रांच में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। तबादला सूची में कई पुलिसकर्मियों को थानों से क्राइम ब्रांच भेजा गया है, जबकि कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों को क्राइम ब्रांच से विभिन्न थानों में पदस्थ किया गया है।

पुलिस मुख्यालय का कहना है कि यह फेरबदल विभागीय कार्यप्रणाली को अधिक सुचारु बनाने, अपराध नियंत्रण को मजबूत करने तथा उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया है। नई पदस्थापना के बाद संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से नवीन कार्यस्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में हुए इस तबादले को नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है। इससे थाना स्तर पर कार्य व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के साथ-साथ अपराध अनुसंधान और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में गति मिलने की उम्मीद है।