रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के अमलीडीह इलाके में शनिवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने 18 वर्षीय युवक पर पेपर कटर से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की अत्यधिक खून बहने से मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।

घर लौटते समय बदमाशों ने घेरकर किया हमला

मृतक की पहचान अमलीडीह निवासी गौरव सेन (18 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 10:30 बजे गौरव किसी काम से बाहर निकला था। घर लौटते समय वह स्वर्ण जयंती चौक के पास पहुंचा, तभी वहां मौजूद कुछ अज्ञात युवकों ने उसे घेर लिया।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने गौरव पर अचानक पेपर कटर से हमला कर दिया। बदमाशों ने उसकी जांघ पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

जांघ की मुख्य नस कटने से हुई मौत

हमले के दौरान गौरव की जांघ की मुख्य नस कट गई, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। गंभीर रूप से घायल युवक ने कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

सड़क पर युवक का शव देखकर स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, आरोपियों की तलाश तेज

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस वारदात में शामिल आरोपियों की तलाश कर रही है। जांच के बाद ही हत्या के कारणों और आरोपियों की भूमिका का खुलासा हो सकेगा।