रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई के बीच मौसम का मिजाज बदलने लगा है। बारिश की गतिविधियां थमने के बाद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण गर्मी का अहसास हो रहा है। बीते 24 घंटे में राज्य में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा और कहीं भी उल्लेखनीय वर्षा दर्ज नहीं की गई।
राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजनांदगांव में पारा 35 डिग्री तक पहुंच गया। प्रदेश के ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। पेंड्रारोड में 33.8, बिलासपुर और माना एयरपोर्ट में 33.6, दुर्ग में 33.5, जगदलपुर में 33.3 और अंबिकापुर में 32 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
कुछ इलाकों में बूंदाबांदी के आसार
मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़, विदर्भ और मराठवाड़ा से होकर एक द्रोणिका गुजर रही है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। आने वाले दो से तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां और अनुकूल होने की संभावना है। वहीं करीब दो दिन बाद कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने के आसार भी जताए गए हैं।
रायपुर में गर्मी से राहत नहीं
बारिश थमने के बाद रायपुर में दिन के साथ रात में भी गर्मी महसूस की जा रही है। मंगलवार को राजधानी में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।





