नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को कथित पैलेट गन मामले में एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर संसद मार्ग थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। राहुल गांधी के साथ कथित पैलेट गन पीड़ित साहिल और उसकी मां भी मौजूद हैं। राहुल गांधी का कहना है कि मामले में शिकायत के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं की गई है और वे कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।

इससे पहले राहुल गांधी जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से जुड़े मामले की जांच की जानकारी लेने पुलिस अधिकारियों के पास पहुंचे थे। इसके बाद वह साहिल और उसकी मां के साथ संसद मार्ग थाने पहुंचे और कथित पैलेट गन इस्तेमाल के मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की। तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं होने पर राहुल गांधी थाने के बाहर ही धरने पर बैठ गए। पुलिस अधिकारी उनसे बातचीत कर रहे हैं।


20 जुलाई के प्रदर्शन से जुड़ा है मामला

यह विवाद 20 जुलाई को नीट पेपर लीक के विरोध में हुए संसद मार्च से जुड़ा है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई थी। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इस दौरान पुलिस की ओर से पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया, जिससे साहिल की आंख में गंभीर चोट आई। हालांकि दिल्ली पुलिस पैलेट गन इस्तेमाल किए जाने के आरोप से इनकार करती रही है।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई को दर्ज मामलों की जांच क्राइम ब्रांच कर रही है। साहिल की शिकायत स्वीकार कर ली गई है और इसे भी संबंधित जांच एजेंसी को भेजा जाएगा। पुलिस का कहना है कि शिकायतकर्ता को जांच अधिकारी के संबंध में भी जानकारी दी गई है।


पहले पुलिस अधिकारियों से मिले राहुल गांधी

राहुल गांधी मामले की जांच में अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी लेने पुलिस अधिकारियों से भी मिले। उनका कहना है कि साहिल की शिकायत पर उचित कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। इससे पहले संसद के मानसून सत्र के दौरान भी उन्होंने प्रदर्शन में कथित पैलेट गन इस्तेमाल का मुद्दा उठाया था और केंद्र सरकार से जवाब मांगा था।

वहीं, सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने पुलिस द्वारा गोली चलाए जाने के आरोप को खारिज किया था।


कांग्रेस ने गृह मंत्री अमित शाह पर साधा निशाना

राहुल गांधी के धरने के बाद कांग्रेस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली पुलिस पर निशाना साधा। पार्टी ने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग किया गया और साहिल को गंभीर चोट लगी।

कांग्रेस का दावा है कि साहिल और उसकी मां लगातार एफआईआर दर्ज कराने की मांग कर रहे हैं। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत को जांच संख्या नहीं दी गई और एम्स से साहिल की एमएलसी रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं कराई गई। कांग्रेस ने कहा कि वह छात्रों को न्याय दिलाने के लिए मामले को आगे भी उठाती रहेगी।

फिलहाल राहुल गांधी साहिल और उसकी मां के साथ संसद मार्ग थाने के बाहर धरने पर हैं और मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग कर रहे हैं।