बालोद। जिले के पुरुर थाना क्षेत्र में एनडीपीएस प्रकरण के एक आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी को हिरासत में लेने पहुंची पुलिस के साथ कथित तौर पर हाथापाई और धक्का-मुक्की की गई, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की दोनों पत्नियों सहित 15 से अधिक लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि एनडीपीएस मामले का आरोपी अमित कोर्राम ग्राम कनेरी मनेरीपारा स्थित अपने घर में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम उसे गिरफ्तार करने पहुंची। जैसे ही पुलिस ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, उसके परिजनों और आसपास मौजूद लोगों ने विरोध शुरू कर दिया।

बताया गया कि आरोपी की दोनों पत्नियों, बहन, मां तथा अन्य लोगों ने पुलिस टीम को घेर लिया और कथित रूप से गाली-गलौज व धक्का-मुक्की की। इस दौरान हुई अफरा-तफरी में सहायक उपनिरीक्षक विश्वजीत मेश्राम गिर पड़े, जिससे उन्हें चोटें आईं। हंगामे का फायदा उठाकर आरोपी अमित कोर्राम वहां से भाग निकला।

घटना के बाद पुलिस ने हमले और सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत 15 से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।