सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण और सर्वे की कार्रवाई के दौरान शुक्रवार को हालात अचानक बिगड़ गए। मदननगर-धरमपुर इलाके में विरोध कर रहे ग्रामीणों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। इस दौरान पुलिस पर जमकर पथराव किया गया, जिसमें एक डीएसपी सहित दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों में कई महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
भूमि अधिग्रहण के विरोध में बढ़ा तनाव
जानकारी के अनुसार, प्रशासन की टीम भूमि अधिग्रहण और सर्वे की प्रक्रिया पूरी करने के लिए मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विरोध उग्र हो गया और पुलिस पर पथराव शुरू हो गया, जिससे कई जवान घायल हो गए।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
घटना में घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
पांच जिलों की पुलिस तैनात
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने पांच जिलों की पुलिस को मौके पर बुलाया है। पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है और इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
फिलहाल अधिग्रहण की कार्रवाई रोकी गई
ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए फिलहाल भूमि अधिग्रहण और सर्वे की कार्रवाई रोक दी गई है। बताया जा रहा है कि इस मुद्दे को लेकर ग्रामीणों और प्रशासन के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है।
पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। साथ ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।





