रायपुर। छत्तीसगढ़ में पोषण जागरूकता और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए चलाए जा रहे ‘हर घर मुनगा–घर-घर मुनगा’ अभियान का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण में उल्लेख किया। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने प्रधानमंत्री द्वारा अभियान की चर्चा किए जाने पर खुशी जताते हुए इसे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।
तीजा-पोरा के अवसर पर शुरू हुआ था अभियान
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में तीजा-पोरा के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास से इस अभियान की राज्यव्यापी शुरुआत की गई थी। इसका उद्देश्य मुनगा के पौधों को घर-घर तक पहुंचाने के साथ लोगों को उसके पोषण संबंधी महत्व के प्रति जागरूक करना है।
7.88 लाख परिवारों को जोड़ने की योजना
अभियान को प्रदेश के 52,553 आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों, पोषण वाटिकाओं और ग्रामीण परिवारों की बाड़ियों से जोड़ा जा रहा है। इसके माध्यम से करीब 7.88 लाख परिवारों को अभियान से जोड़ने की योजना है। खास तौर पर माताओं, किशोरी बालिकाओं और बच्चों के पोषण को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
‘केवल पौधरोपण नहीं, पोषण जागरूकता का अभियान’
मंत्री राजवाड़े ने कहा कि यह केवल पौधे लगाने तक सीमित अभियान नहीं है, बल्कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध मुनगा को परिवारों के नियमित भोजन और पोषण से जोड़ने का प्रयास है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने घर, बाड़ी या आसपास मुनगा का पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील भी की।
प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर अभियान का उल्लेख किए जाने से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और अभियान से जुड़े लोगों का उत्साह बढ़ा है।





