सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में सोमवार रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोतवाली थाना क्षेत्र के नेवरा इलाके में मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 10 नाबालिगों सहित कुल 25 मजदूर घायल हो गए, जिनमें से 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, मजदूर भैयाथान में काम करने के बाद अपने गांव लैंगा लौट रहे थे। इसी दौरान नेवरा के पास एक ट्रेलर को ओवरटेक करने की कोशिश में पिकअप वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क पर पलट गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद पिकअप चालक फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।पुलिस मामले की जांच में जुटी है। यह हादसा मालवाहक वाहनों में मजदूरों को असुरक्षित तरीके से ढोने की गंभीर समस्या को फिर उजागर करता है।




