रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पशु क्रूरता का मामला सामने आया है। लैलूंगा थाना क्षेत्र के गुडूबहाल गांव में एक पालतू कुत्ते की टांगी से वार कर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद कुत्ते के शव को बोरी में भरकर गांव के चौराहे के पास फेंक दिया गया। मामले में कुत्ते के मालिक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर से निकला था कुत्ता, अगले दिन भी नहीं लौटा
जानकारी के अनुसार, गुडूबहाल निवासी रिझन लकड़ा (60) जनपद पंचायत लैलूंगा में सहायक आंतरिक लेखा परीक्षण एवं वृक्षारोपण अधिकारी के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने अपने घर में एक देसी कुत्ता पाल रखा था। मंगलवार शाम कुत्ता घर से बाहर निकला, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। अगले दिन भी उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
टांगी से हमला करने का आरोप, ग्रामीणों ने देखी घटना
शिकायतकर्ता रिझन लकड़ा के मुताबिक, ड्यूटी पर जाने के बाद परिजनों ने फोन पर उन्हें घटना की जानकारी दी। बताया गया कि गांव के ही परमानंद लकड़ा ने कथित तौर पर कुत्ते पर टांगी से हमला किया था, जिससे उसकी मौत हो गई। ग्रामीण रेखा बाई और सुनीता ने घटना देखने की बात कही है।
सूचना मिलते ही रिझन लकड़ा गांव लौटे। इस दौरान उनके पालतू कुत्ते का शव बोरी में बंद बस्ती के चौराहे के पास मिला। इसके बाद उन्होंने लैलूंगा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 325 के तहत मामला दर्ज
लैलूंगा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी परमानंद लकड़ा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325 के तहत अपराध दर्ज किया है।
थाना प्रभारी गिरधारी साव ने बताया कि पालतू कुत्ते को मारने की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी कुत्ते से परेशान रहता था। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





