रायगढ़। दुर्गोत्सव के दौरान शांति, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए कलेक्ट्रेट के सृजन सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुर्गोत्सव आयोजन समितियों के प्रतिनिधियों के साथ प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, यातायात, विद्युत, स्वास्थ्य और नगर सेना विभाग के अधिकारियों ने तैयारियों पर चर्चा की।


गरबा और डांडिया कार्यक्रम की पहले देनी होगी सूचना

बैठक में आयोजकों को निर्देश दिया गया कि गरबा और डांडिया कार्यक्रमों की जानकारी समय रहते प्रशासन को दी जाए। अधिकारियों के अनुसार, पहले से सूचना मिलने पर कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, बिजली, सुरक्षा और यातायात जैसी व्यवस्थाएं बेहतर तरीके से की जा सकेंगी।


विसर्जन के दौरान नियमों का पालन जरूरी

दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर भी बैठक में विस्तार से चर्चा हुई। आयोजन समितियों से निर्धारित व्यवस्था और नियमों के अनुसार विसर्जन करने के साथ प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया।


अमर्यादित गीतों पर रोक, गरिमा बनाए रखने के निर्देश

एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने गरबा और डांडिया कार्यक्रमों में मर्यादा और गरिमा बनाए रखने पर जोर दिया। आयोजकों को आपत्तिजनक या अमर्यादित गीतों का प्रसारण नहीं करने और कार्यक्रम स्थल पर शालीन वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए गए। प्रतिभागियों से भी आयोजन की गरिमा के अनुरूप व्यवहार और वेशभूषा का ध्यान रखने की अपेक्षा की गई।


नशे पर रोक, ध्वनि यंत्रों के नियमों का करना होगा पालन

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करने और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल में निर्धारित नियमों का पालन करने और धार्मिक व भक्ति गीतों को प्राथमिकता देने को कहा गया।

बैठक में एसडीएम रायगढ़, तहसीलदार, शहर के थाना प्रभारी, यातायात पुलिस, नगर निगम, नगर सेना, विद्युत और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी समेत दुर्गोत्सव आयोजन समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।