मुंगेली। जिले के खाम्ही कुर्मी पंचायत के आश्रित ग्राम मोतिमपुर में बदहाल सड़क ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। बारिश के दिनों में सड़क कीचड़ और गड्ढों से भर जाती है, जिससे सामान्य आवाजाही भी मुश्किल हो जाती है। गांव की स्थिति से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वीडियो में ग्रामीण एक मरीज को खाट पर लिटाकर खराब रास्ते से ले जाते नजर आ रहे हैं। वहीं, दूसरे दृश्य में चार-पांच लोग एक बाइक को डंडे के सहारे उठाकर गांव तक पहुंचाते दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अधिक बारिश होने पर गांव से करीब दो किलोमीटर पहले ही सड़क इतनी खराब हो जाती है कि बाइक चलाना मुश्किल हो जाता है।

बच्चों की पढ़ाई भी हो रही प्रभावित

ग्रामीणों के मुताबिक सड़क की खराब स्थिति का असर स्कूली बच्चों पर भी पड़ रहा है। तेज बारिश के दौरान रास्ता चलने लायक नहीं रहने से कई बच्चे कई दिनों तक स्कूल नहीं पहुंच पाते। वहीं, आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल तक ले जाने में भी भारी परेशानी होती है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के लिए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कई बार मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। मोतिमपुर गांव जिला मुख्यालय मुंगेली से करीब 13 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है।

इधर, जिला पंचायत सीईओ गोकुल राम रावटे ने मामले को संज्ञान में लेने की बात कही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेकर सड़क की स्थिति का परीक्षण कराने और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही।