रायगढ़। जिले में अवैध स्क्रैप के परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने करीब 14 टन स्क्रैप से लदे टाटा 1512 माजदा वाहन को जब्त किया है। स्क्रैप और वाहन समेत जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 11.98 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर को पूंजीपथरा थाना प्रभारी निरीक्षक राम किंकर यादव को सूचना मिली थी कि रायगढ़ की ओर से आए एक लाल-मैरून रंग के माजदा वाहन में बड़ी मात्रा में स्क्रैप लोड कर स्टार ढाबा के पास खड़ा किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहन क्रमांक OD15V7853 की जांच की। वाहन में टीन, लोहे के टुकड़े, रॉड और वाहनों के विभिन्न पार्ट्स समेत करीब 14 टन स्क्रैप मिला।

पुलिस को देखकर भागने की कोशिश

पुलिस टीम को देखकर वाहन चालक ने छिपने और मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन जवानों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान भूषण कुमार साह (37), निवासी बृजराजनगर, जिला झारसुगुड़ा, ओडिशा के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक चालक ने बताया कि स्क्रैप को ओडिशा के बरगढ़ जिले के रेंगाली कैंप स्थित कबाड़ी दुकान से लाकर स्थानीय प्लांट में खपाने के लिए ले जाया जा रहा था।

पुलिस ने करीब 3.98 लाख रुपये मूल्य का स्क्रैप और लगभग 8 लाख रुपये कीमत का माजदा वाहन जब्त किया है। इस तरह कुल जब्ती करीब 11.98 लाख रुपये की हुई है।

मामले में आरोपी के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 35(क)(ड) और बीएनएस की धारा 303(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक पारसमणी बेहरा समेत पुलिस टीम के अन्य जवानों की भूमिका रही।