बलौदाबाजार। सरकारी कामकाज में लापरवाही और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी करना ग्राम पंचायत सचिव को भारी पड़ गया। जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए विकासखंड सिमगा के ग्राम पंचायत सचिव हीरालाल यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जनपद पंचायत सिमगा निर्धारित किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत सचिव हीरालाल यादव को ग्राम पंचायत हथबंद का प्रभार लेने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद उन्होंने अब तक प्रभार ग्रहण नहीं किया। साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश और निर्देशों का पालन नहीं करने की शिकायत भी सामने आई।
कारण बताओ नोटिस का जवाब नहीं मिला संतोषजनक
मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। प्रशासन के मुताबिक, नोटिस के जवाब को संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके अलावा सचिवीय दायित्वों के निर्वहन में रुचि नहीं लेने और कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही बरतने की बात भी सामने आई।
इसके बाद मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत बलौदाबाजार-भाटापारा ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए हीरालाल यादव को निलंबित करने का आदेश जारी किया।
निलंबन अवधि में सिमगा रहेगा मुख्यालय
हीरालाल यादव के खिलाफ यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (अनुशासन तथा अपील) नियम, 1999 के भाग-2 के नियम 4 के तहत की गई है। आदेश के अनुसार निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जनपद पंचायत सिमगा रहेगा। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से स्पष्ट संकेत दिया गया है कि शासकीय दायित्वों में लापरवाही और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अनदेखी करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।





