अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में सामने आए किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) ऋण घोटाले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। सीतापुर थाना पुलिस ने पेटला शाखा में किसानों के नाम पर कथित फर्जी ऋण आहरण से जुड़े मामले में आरोपी दीपक कुमार चक्रधारी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, मामला पेटला शाखा से किसानों के नाम पर कथित तौर पर फर्जी तरीके से ऋण राशि निकालने का है। कलेक्टर सरगुजा द्वारा गठित जांच समिति की रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि 127 किसानों के फर्जी हस्ताक्षर कर 1 करोड़ 92 लाख 82 हजार 96 रुपये का अनियमित आहरण किया गया।
जांच के दौरान तत्कालीन शाखा प्रबंधक, सहायक लेखापाल, कैशियर, सामान्य सहायक, दैनिक वेतनभोगी कंप्यूटर ऑपरेटर और समिति प्रबंधक समेत अन्य संबंधित कर्मचारियों की भूमिका भी संदेह के दायरे में पाई गई। जांच समिति ने प्रारंभिक तौर पर सभी संबंधित लोगों को अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार माना है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी दीपक कुमार चक्रधारी से पूछताछ के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





